सुनाम/जोगिन्दर: अकाडिया वर्ल्ड स्कूल, सुनाम में आज महान क्रांतिकारी एवं शहीद ऊधम सिंह जी के शहीदी दिवस को समर्पित एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शहीद ऊधम सिंह जी के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विशेष असेंबली में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने शहीद ऊधम सिंह जी के बचपन से लेकर उनके अंतिम बलिदान तक के जीवन-प्रसंगों को एक प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने उनकी देशभक्ति, साहस, दृढ़ संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण को बड़े ही सुंदर ढंग से दर्शाया।
इस दौरान एक विद्यार्थी ने शहीद ऊधम सिंह जी के बलिदान को समर्पित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत के माध्यम से भी शहीद ऊधम सिंह जी को नमन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती रणजीत कौर सहित सभी अध्यापक उपस्थित रहे। प्रिंसिपल श्रीमती रणजीत कौर ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि शहीद ऊधम सिंह जी का जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणादायक मिसाल है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए।





