Sunday, November 15, 2026
3.5 C
London
Home ਦੇਸ਼ 1982 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने गुरुओं के सम्मान में आयोजित किया...

1982 बैच के पूर्व विद्यार्थियों ने गुरुओं के सम्मान में आयोजित किया पुनर्मिलन समारोह

0
48

सेवानिवृत्त हैडमास्टर और शिक्षकों को पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित, विद्यार्थियों ने जताया आभार

हरियाणा चरखी दादरी, 10 नवंबर (जोगिंदर): गांव चंदेनी के राजकीय हाई स्कूल में वर्ष 1982 के दौरान दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले पूर्व विद्यार्थियों और उस समय विद्यालय में अपनी सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त हैडमास्टर एवं अन्य शिक्षकों का पुनर्मिलन समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह दादरी नगर के भिवानी रोड स्थित राजेंद्र बिजारणिया फार्म हाउस परिसर में हुआ।

समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त हैडमास्टर प्रभूराम गोदारा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त हैडमास्टर कृष्णदत्त चांगरोड़ शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि हेमंत शर्मा रामवलवास और हरीश सांगवान झोझू कलां रहे। आयोजन के मुख्य आयोजक की भूमिका राजेंद्र सिंह बिजारणिया रूदडौल ने निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभी उपस्थित लोगों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके बाद वर्ष 1982 के बैच के विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का सम्मान किया। सभी शिक्षकों को पगड़ी पहनाकर और फूल मालाएं भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जीवन में श्रेष्ठ मार्ग दिखाने के लिए अपने गुरुजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा दी गई शिक्षा और संस्कारों के कारण आज इस बैच के सभी साथी अपने जीवन में समाज के लिए सकारात्मक योगदान दे रहे हैं। यह गुरुजनों का आशीर्वाद ही है, जिसने उन्हें कभी भटकने नहीं दिया। जीवन के कठिन समय में शिक्षकों की सीख और शिक्षाओं ने हमेशा सही रास्ता दिखाया और मुश्किलों को आसान बनाने में सहयोग दिया।

सभी पूर्व विद्यार्थियों ने कामना की कि जिस तरह उन्हें योग्य शिक्षक मिले, उसी तरह प्रत्येक विद्यार्थी को अच्छे गुरु मिलें, ताकि भारतवर्ष की गुरु-शिष्य परंपरा हमेशा विश्व के लिए मिसाल बनी रहे।

पूर्व शिक्षकों ने भी वर्ष 1982 के बैच के विद्यार्थियों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके वर्तमान जीवन और समाज सेवा में दिए जा रहे योगदान के बारे में जानकारी ली। इस दौरान शिक्षकों ने अपने पूर्व शिष्यों का आह्वान किया कि जीवन में चाहे कितना भी कठिन समय क्यों न आए, वे हमेशा मानवता की सेवा का संकल्प बनाए रखें। विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहायता करने के लिए तत्पर रहने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ. विनोद सांगवान, महाबीर, बलबीर, बालकिशन शर्मा, राजेंद्र, उद्यम सिंह, नरेश बीजणा सहित वर्ष 1982 बैच के अन्य साथी उपस्थित रहे।